लॉकडाउन में फंसा बेटा, 1400 KM स्कूटी चलाकर वापस ले आई मां

नई दिल्लीः कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए पूरा देश लॉकडाउन है। जो जहां है, वहीं अपने घरों में बंद है। लेकिन बहुत सारे ऐसे भी लोग हैं जो लॉकडाउन की वजह से अपने घरों से दूर अलग-अलग जगहों पर फंसे हुए हैं। ऐसे में तेलंगाना की एक मां ने अपने बेटे को घर वापस लाने के लिए 1400 किमी का सफर स्कूटी से तय किया है।
इस महिला के सफर की खबर जैसे ही सामने आई, लोगों ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि देश के हर हिस्से में कोई ना कोई व्यक्ति इस लॉकडाउन की वजह से फंसा हुआ है, क्या पुलिस-प्रशासन उन्हें भी अपने घर लौटने की इजाजत देगा? जब पूरे देश भर में लोगों को अपने घरों से निकलने पर रोक लगी है, तो ऐसे में इस महिला को इतनी दूर जाने की इजाजत पुलिस- प्रशासन ने कैसे दे दी? क्या ये लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन नहीं है। ऐसी तमाम बातें सोशल मीडिया पर घूम रही हैं।


तेलंगाना के निजामाबाद की रहने वाली रजिया बेगम ने आंध्र प्रदेश के नेल्लोर में फंसे अपने बेटे को लाने के लिए स्कूटी से लंबी यात्रा की है।निजामाबाद से नेल्लोर की दूरी 700 किमी है। रजिया बेगम निजामाबाद से नेल्लोर के लिए सोमवार को निकलीं और बुधवार शाम को बेटे को लेकर घर लौटीं।